सरकारी भूमि पर कब्जे के मामले में पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह के बेटे और भाई को नोटिस

मध्यप्रदेश के भिंड जिले की नगर पालिका ने सरकारी भूमि पर कब्जे के आरोप में 10 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। इनमें वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह के बेटे अमित प्रताप सिंह और भाई गजेन्द्र सिंह का नाम भी शामिल है।

अधिकारियों के अनुसार, परिवार की कोठी अराजी नंबर 2711 और 2715 पर बनी है, जो कि सरकारी रिकॉर्ड में सार्वजनिक सड़क और तालाब के लिए दर्ज है। जुलाई 2024 में राजस्व विभाग द्वारा की गई सीमांकन प्रक्रिया में यह कब्जा साबित हुआ था। इस निष्कर्ष को लहार तहसीलदार और बाद में एसडीएम विजय सिंह यादव ने भी सही ठहराया और अपीलों को खारिज कर दिया।

नगर पालिका सीएमओ रामाशंकर शर्मा ने स्थानीय मीडिया को बताया कि नोटिस की प्रतियां संबंधित लोगों को व्हाट्सऐप पर भी भेजी गई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय सीमा में जवाब न मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कई दुकानदार कार्रवाई से पहले ही अपनी दुकानें बंद कर चले गए, जिसके बाद नोटिस उनके शटर और घरों पर चिपकाए गए।

इस बीच, मजठौरा वार्ड क्रमांक 12 के निवासी, जिनमें अधिकांश दलित समुदाय से हैं, पिछले 400 दिनों से अधिक समय से सरकारी सड़क बहाली की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए हैं। यह आंदोलन डॉ. भीमराव अंबेडकर समिति के नेतृत्व में चलाया जा रहा है।