ग्वालियर (मध्यप्रदेश): झांसी की ओर जा रही एक कार को गुरुवार शाम करीब 5 बजे जौरासी चौकी पुलिस ने हाईवे पर रोक लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को कार में बैठे पांच लोगों के पास नोटबंदी के समय बंद हुए पुराने नोट मिले। जब पुलिस ने गहन जांच की तो करीब 3 लाख रुपये के पुराने नोट बरामद हुए।
पुलिस की कार्यवाही
चौकी प्रभारी पूनम कटारे ने मुखबिर की सूचना पर टीम के साथ डबरा-ग्वालियर हाईवे पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान कार की तलाशी में पांच लोग पकड़े गए, जिनमें से धार को पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया। कार में बैठ लोगों की पहचान इकबाल खान (60 वर्ष, भांडेर निवासी), नीरज अग्रवाल, वीरेंद्र रायकवार, मोहम्मद शफीक औ जितेंद्र कुमार के रूप में हुई।
पूछताछ में सामने आया कि ये सभी लोग ग्वालियर से पुराने नोट बदलने के लिए झांसी की ओर जा रहे थे। इसी बीच, पुलिस कस्टडी के दौरान इकबाल खान की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
इलाज के दौरान मौत
पुलिस ने आनन-फानन में इकबाल खान को डबरा सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत देख हुए उन्हें ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन बिना पोस्टमॉर्टम करवाए ही शव को लेकर भांडेर लौट गए।
अधिकारियों की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों को जौरासी चौकी भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक के चारों साथियों से पूछताछ की गई और उनका मेडिकल भी कराया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मृतक का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच होगी।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोष सामने आता है तो संबंधित अधिकारियों और व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।