दिल्ली: दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला परिसर से एक बेशकीमती कलश चोरी होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस कलश की कीमत लगभग ₹1 करोड़ आंकी गई है। बताया जा रहा है कि कलश 760 ग्राम सोने से बना था, जिस पर करीब 150 ग्राम हीरे, माणिक और पन्ने जड़े हुए थे।
धार्मिक समारोह के दौरान हुई घटना
यह घटना मंगलवार, 2 सितंबर को एक जैन धार्मिक आयोजन के दौरान हुई। इस कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग मौजूद थे, जिनमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, बिजनेसमैन सुधीर जैन प्रतिदिन पूजा के लिए यह कलश लाते थे और उस दिन भी वे इसे समारोह में लेकर आए थे। लेकिन पूजा के दौरान अचानक मंच से यह कलश गायब हो गया।
CCTV में कैद हुआ संदिग्ध
दिल्ली पुलिस ने 6 सितंबर को इस मामले की जानकारी साझा की। अधिकारियों का कहना है कि कलश चोरी की वारदात CCTV कैमरे में दर्ज हुई है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर ली है और उसके जल्द गिरफ्त में आने की संभावना जताई जा रही है।
यह मामला लाल किले की सुरक्षा पर फिर से सवाल खड़ा कर रहा है। गौरतलब है कि ठीक एक महीने पहले, 2 अगस्त को लाल किले की सुरक्षा में सेंध का एक और मामला सामने आया था, जब वहां सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी परिसर में रखे गए एक डमी बम का पता लगाने में नाकाम रहे थे।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध से पूछताछ के बाद चोरी की पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सकेगा। साथ ही, लाल किला परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मियों की लापरवाही की भी जांच की जाएगी।