15 लाख सदस्य बनाकर वोटिंग के बाद पांच लाख रिजेक्ट, पांच लाख होल्ड

प्रदेश युवा कांग्रेस ने सदस्यता के दौरान मध्य प्रदेश में 15 लाख के लगभग सदस्य बनाएं, सदस्य बनाने के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष सहित कई पदों पर वोटिंग भी करवा दी। पहले इनमें से 5 लाख के लगभग सदस्य रिजेक्ट कर दिए और अब पांच लाख के लगभग सदस्यों को होल्ड कर दिया गया है। प्रदेश में युवा कांग्रेस से जुड़ने वालों में से लगभग 66 प्रतिशत युवाओं की सदस्यता पर अब खतरा मंडरा रहा है।

युवा कांग्रेस ने जून और जुलाई में ऑनलाइन सदस्यता अभियान चलाया था। सदस्य बनने के साथ ही सभी को प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, जिला अध्यक्ष, जिला महामंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष के लिए वोट भी करना था। इन सब में 14 लाख 74 हजार युवाओं ने सदस्यता ली। अब इनमें भी पेंच आ गया है। युवा कांग्रेस ने पहले लगभग पौने पांच लाख युवाओं को रिजेक्ट कर दिया। इसके बाद जब दस्तावेजों की जांच की गई तो पांच लाख के लगभग युवाओं के पूरे दस्तावेज नहीं मिले।

दस्तावेज सही करने 10 दिन का वक्त

बताया जाता है कि पार्टी ने जिन पांच लाख युवाओं की सदस्यता को होल्ड किया है, उन्हें दस दिन में अपने दस्तावेजों को सही करने का मौका दिया है। यह मौका उन्हें 9 से 19 अक्टूबर के बीच में मिलेगा। इन दस दिनों में इन सदस्यों को अपने दस्तावेज सही करना होंगे, जितने युवा अपने दस्तावेज सही कर सकेंगे उन्हें सदस्यता दे दी जाएगी, बाकी को रिजेक्ट कर दिया जाएगा। इन पांच लाख युवाओं पर निर्णय होने के बाद ही युवा कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य पदों के हो चुके चुनाव की वोटिंग की जाएगी, तक तक वोटिंग तीन महीने की ही तरह होल्ड रहेगी।