बालाघाट में सर्वाधिक 57 हजार पंजीयन
मध्यप्रदेश में राज्य सरकार को समर्थन मूल्य पर धान ज्वार और बाजरा बेचने के वल 36 जिलों के किसानों ने ही रुचि दिखाई है। बालाघाट जिले में सर्वाधिक 57 हजार 223 किसानों ने इसके लिए पंजीयन कराया है। अब पंजीयन के लिए मात्र तीन दिन बाकी रह गए है। दस अक्टूबर तक ही इसके लिए पंजीयन हो सकेंगे। मध्यप्रदेश में राज्य सरकार समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार, बाजरा का उपार्जन कर रही है। प्रदेश में 1255 पंजीयन केन्द्र बनाये गये हैं। अभी तक प्रदेश के 4 लाख 68 हजार 946 किसानों ने पंजीयन कराया है। जबकि पिछले वर्ष 7 लाख 84 हजार 845 किसानों ने पंजीयन कराया था। केवल तीन दिनों में पिछले साल के बराबर किसानों का पंजीयन होना मुश्किल है।
पंजीयन की नि:शुल्क व्यवस्था ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र पर सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्र पर और एमपी किसान एप पर भी की गई है।
पंजीयन की सशुल्क व्यवस्था एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेन्टर कियोस्क, लोक सेवा केन्द्र और निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे पर की गई है। प्रति पंजीयन के लिये 50 रुपए शुल्क लिया जा रहा है। किसान पंजीयन के लिए भूमि संबंधी दस्तावेज एवं किसान के आधार कार्ड एवं अन्य फोटो पहचान पत्रों का समुचित परीक्षण कर उनका रिकार्ड रखा जाना अनिवार्य होगा।
बालाघाट के किसान सबसे आग
प्रदेश में हुए कुल पंजीयन में मुख्य रूप से बालाघाट में सर्वाधिक 57 हजार 223 किसानों ने पुजीयन कराया है। इसके बाद दूसरे नंबर पर रीवा में 42 हजार 878 किसानों ने पंजीयन कराया है। कटनी में 40 हजार 391, सिवनी में 28 हजार 349, जबलपुर में 24 हजार 710, सतना में 36 हजार 113, शहडोल में 23 हजार 723,पन्ना में 20 हजार 204, सिंगरौली में 19 हजार 997,मण्डला में 18 हजार 473, नर्मदापुरम में 17 हजार 117,सीधी में 18 हजार 305,मैहर में 17 हजार 427, मऊगंज में 14 हजार 715, दमोह में 14 हजार 508, डिण्डोरी में 10 हजार 590, नरसिंहपुर में 7 हजार 245, छिंदवाड़ा में 1,468, उमरिया में 18 हजार 748, अनूपपुर में 13 हजार 612, सागर में 889, रायसेन में 7 हजार 340, सीहोर में 5 हजार 434, विदिशा में 484, भोपाल में 33, बैतूल में 5 हजार 905, हरदा में 315, भिंड में 363, मुरैना में 1533, श्योपुर में 43, ग्वालियर में 202, शिवपुरी में 205, दतिया में 130, देवास में 203, बड़वानी में 41 और झाबुआ में 20 किसानों ने पंजीयन कराया है।