साड़ी कारोबारी के एफडी से दोस्त ने निकाले 34 लाख रुपए

चंदेरी में एक साड़ी व्यवसायी के साथ उसी के घनिष्ट दोस्त ने दगा कर दिया एवं उसे विभिन्न कंपनियों में एफडी खुलवाकर उसके करीब 34 लाख रुपए की एचडी तोड़कर रुपए अपने पास रख लिए। दोस्ती में धोखा खाए व्यक्ति ने चंदेरी थाने में आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है। चंदेरी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। चंदेरी में खिड़की दरवाजा के पास रहने वाले 56 वर्षीय जहीर अहमद पुत्र अख्तर अहमद ने पुलिस को बताया है कि वह साड़ी व्यवसायी हैं। मेरी सत्येंद्र चतुर्वेदी निवासी कटरा मोहल्ला से घनिष्ठ दोस्ती रही है तथा मैं सत्येंद्र चतुर्वेदी के घर भी आता जाता था सत्येंद्र चतुर्वेदी एक जानी मानी बीमा कंपनी का एजेंट है। सत्येंद्र चतुर्वेदी ने मुझे बताया कि मैंने दो अन्य बीमा कंपनियों के काम भी शुरू कर दिया है। तुम इसमें खाता खोल लो क्योंकि इसमें ज्यादा लाभ मिलेगा मैंने उसके विश्वास में आकर अपना, पत्नी समीना खान एवं पुत्र फराज अहमद अख्तर का खाता इन् कंपनियों में खुलवा दिया। जहीर अहमद के अनुसार इसके बाद उन्होंने 28 फरवरी 2019 से 4 मई 2023 तक दोनों कंपनियों में करीब 70 लाख रुपए जमा किए थे जिसमें से मेरी, मेरी पत्नी व पुत्र की 07 एफडी जो कि दिनांक 24 जुलाई 2024 को मैच्योर हो गई थी के बारे में सत्येंद चतुर्वेदी से कहा कि मेरी एचडी मेच्योर्ड हो गई है तुम इसके 34 लाख रुपए निकलवा दो तो वह मुझसे बोला कि तुम वह एफडी मुझे दे दो मैं कंपनी से कैश निकलवा कर तुम्हें दे दूंगा इसके बाद मैंने उस पर विश्वास कर ओरिजिनल एफडी दे दी इसके बाद जमा रुपए मुझे निकाल कर नहीं दिए और स्वयं 34 लाख रुपये निकाल लिए। मेरी एवं मेरी पत्नी एवं पुत्र के नाम से अन्य एफडी भी हैं जो आगामी वर्षों में मैच्योर होने वाली थी जिसमें मूल रकम करीबन 53 लाख रुपए जमा है। इस तरह से सत्येंद्र चतुर्वेदी द्वारा मेरे साथ विश्वास घात कर अमानत में खयानत कर 34 लाख की धोखाधड़ी की गई है एवं शेष 53 लाख रुपए की राशि कंपनी के पदाधिकारी द्वारा मेरे साथ धोखाधड़ी की है इसलिए सत्येंद्र चतुर्वेदी और कंपनी के पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर बीएनएस की धारा 318 (4), 316 (2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।