इंदौर के सराफा बाज़ार में महिला ने पुलिसकर्मी को काटा, तोड़फोड़ का मामला दर्ज

मध्य प्रदेश: इंदौर शहर के सराफा बाज़ार में रविवार रात को हड़कंप फैल गया, जब एक महिला ने अनिल ज्वेलर्स की दुकान पर जमकर हंगामा कर तोड़फोड़ की। स्थिति तब और बिगड़ गई जब बीच-बचाव करने पहुँची एक महिला पुलिसकर्मी पर हमला किया गया और महिला ने उनके हाथ पर काट लिया।

सराफा पुलिस ने के संचालक सुमित जैन की शिकायत पर हंगामा करने वाली महिला प्रीति शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दुकानदार सुमित जैन ने बताया कि प्रीति शर्मा दुकान पर पहुँची और उनसे 5,000 रुपए की मांग करने लगी। जब उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो महिला भड़क उठी। उसने दुकान के अंदर मौजूद ग्राहकों और दुकानदार से अपशब्द कहे और दुकान में ग्राहकों के प्रवेश को बाधित कर दिया।

हंगामा बढ़ता देख, सुमित जैन ने ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी सुनीता राठौर को मदद के लिए बुलाया। आरोप है कि महिला ने पुलिसकर्मी से भी अभद्र व्यवहार किया और विरोध में दुकान का कांच तोड़ दिया। सड़क पर आकर उसने और अधिक हंगामा किया, और जब पुलिसकर्मी सुनीता राठौर ने उसे नियंत्रित करने की कोशिश की, तो प्रीति शर्मा ने उनके हाथ पर काट लिया।

पुलिस ने महिला को तुरंत थाने लाकर पूछताछ की। व्यापारी की शिकायत पर प्रीति शर्मा के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और हंगामा करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की गहनता से जाँच की जा रही है, और अवैध वसूली से संबंधित शिकायतों पर भी आगे कार्रवाई की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, प्रीति शर्मा का दुकानदार से पुराना विवाद है और वह पहले भी दो बार दुकान पर पैसे मांगते हुए हंगामा कर चुकी है। हालांकि, यह पहली बार है जब हंगामा इतना बढ़ गया कि पुलिस को बुलाना पड़ा और इसमें पुलिसकर्मी पर हमला भी हुआ।