पुलिस ने लगाई गांवों में ढाई हजार चौपाल, शहरों में जनसंवाद

प्रदेश पुलिस इन दिनों प्रदेश में चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक करने का काम कर रही है। इन चौपालों में साइबर अपराध, मुक्ति, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा, और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर जागरूकता बढ़ाने का दावा पुलिस मुख्यालय ने किया है। डीजीपी कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में जनसंवाद अभियान के तहत चौपालों का आयोजन हो रहा है। प्रदेश में अब तक ढाई हजार चौपालों में लगभग 76 हजार लोगों से पुलिस ने संपर्क किया है। चौपाल के जरिए नागरिकों को अपराध रोकथाम में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है साथ ही सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन दर्शन, उनके नेतृत्व ओर राष्ट्र निर्माण में योगदान पर विस्तार से समझाया जा रहा है। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में इन दिनों जनसंवाद, पुलिस चौपाल, मोहल्ला समिति बैठकें और जनजागरूकता अभियान चल रहा है। इन कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारी सीधे नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं,

सुरक्षा उपायों की जानकारी दे रहे हैं तथा संदिग्ध गतिविधियों की गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। इसी के तहत इंदौर में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में बस्तियों, कॉलोनियों और मल्टियों में जनसंवाद आयोजन किए जा रहे हैं। इसमें नागरिकों को क्राइम ब्रांच हेल्पलाइन और डायल-112 जैसी सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।