भारत और द. अफ्रीका के बीच तीसरा टी-20 धर्मशाला में होगा, HPCA तैयारियों में जुटा


हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) को लगभग 21 महीने बाद धर्मशाला में किसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच की मेज़बानी का मौका मिला है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज़ का तीसरा और निर्णायक मैच 14 दिसंबर को धर्मशाला में खेला जाएगा। एचपीसीए ने मैच की तैयारियाँ तेज़ कर दी हैं। 

आउटफ़ील्ड में नया “विंटर राईग्रास” लगाया गया है, जो ठंड के मौसम में तेज़ी से बढ़ता है और मैदान को हरा-भरा और चिकना बनाता है। पिच क्यूरेटर सुनील चौहान ने बताया कि मैदान की तैयारी अंतिम चरण में है।

 दिसंबर के पहले हफ़्ते में विकेट रोलिंग और क्यूरेशन का काम शुरू हो जाएगा। 2019 में, स्टेडियम में एक उन्नत सब-एयर ड्रेनेज सिस्टम लगाया गया था, जिससे बारिश के बाद भी खेल निर्बाध रूप से चलता रहे। नए राईग्रास के साथ, इस बार आउटफ़ील्ड और भी आकर्षक लग रहा है। मैच से पहले का कार्यक्रम भी तय कर लिया गया है। दोनों टीमें 12 दिसंबर को चार्टर्ड फ्लाइट से धर्मशाला पहुँचेंगी। अगले दिन, 13 दिसंबर को नेट अभ्यास और अंतिम ड्रेस रिहर्सल होगी। अंतिम मैच 14 दिसंबर को शाम 7 बजे खेला जाएगा।