मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड जारी: पचमढ़ी का पारा 5.8 डिग्री पर पहुँचा, रीवा में एक व्यक्ति की मौत

पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी के असर से मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात में प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान गिरकर 5.8डिग्री पर पहुँच गया, जो इस सीजन में पहली बार है। प्रदेश के मालवा-निमाड़ क्षेत्र को सबसे ठंडा माना जा रहा है, जबकि राजधानी भोपाल और इंदौर में पारा लगातार 10 डिग्रीसे नीचे बना हुआ है। इस बीच, ठंड की चपेट में आने से रीवा जिले में एक व्यक्ति की मौत की खबर भी सामने आई है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार-शुक्रवार की रात में कई शहरों के तापमान में और गिरावट दर्ज की गई। भोपाल में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री और इंदौर में 8.4डिग्री रहा। अन्य प्रमुख शहरों में ग्वालियर में 12.8 डिग्री उज्जैन में 11.5 डिग्रीऔर जबलपुर में 11.1डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, छतरपुर के नौगांव में 8.5डिग्री, खरगोन में 8.8डिग्री, नरसिंहपुर में 9डिग्री और खंडवा में 9.4डिग्री दर्ज किया गया।

इस साल प्रदेश में 6 नवंबर से ही कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया था। अकेले भोपाल में पिछले 10 दिनों से लगातार कोल्ड वेव (शीतलहर) चल रही है। मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को भी इंदौर, भोपाल, राजगढ़, शाजापुर और सीहोर जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि भोपाल में अगले दो दिन तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। इस बीच, नर्मदापुरम में सुबह के समय कोहरा छाया रहा, जहाँ विजिबिलिटी 500 से 1 हजार मीटर के बीच दर्ज की गई।