उत्तराखंड में श्रद्धालुओं से भरी बस 70 मीटर गहरी खाई में गिरी; 23 से ज्यादा घायल और 5 की मौत

उत्तराखंड के टिहरी में आज (सोमवार) दोपहर करीब साढ़े 12 बजे श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर 70 मीटर गहरी खाई में गिर गई। टिहरी के एसपी आयुष अग्रवाल ने इस भीषण हादसे में 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में 4 महिलाएं और 1 युवक शामिल है, जिनकी अभी पहचान नहीं हो पाई है।

बस में कुल 29 लोग सवार थे, जिसमें से 23 से अधिक घायल हुए हैं। घायलों में से 7 लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें तुरंत ऋषिकेश स्थित एम्स (AIIMS) में भर्ती कराया गया है।

ब्रेक फेल होना बताया जा रहा कारण

नरेंद्रनगर थाने के दरोगा संजय ने बताया कि बस (UK14PA1769) ऋषिकेश से टिहरी के प्रसिद्ध कुंजापुरी मंदिर की ओर जा रही थी। कुंजापुरी–हिंडोलाखाल के पास अचानक बस का ब्रेक फेल होने से यह दुर्घटना हुई। पूछताछ में पता चला है कि बस में सवार सभी लोग पर्यटक थे और महाराष्ट्र तथा दिल्ली से घूमने आए थे। पुलिस ने शवों को बाहर निकाल लिया है और मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।