बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के गुंसाईसर बड़ा गाँव स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। डीजल टैंक का भारी-भरकम लोहे का ढक्कन अचानक गिरने से उस पर काम करने वाले एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान लूणाराम (23) पुत्र तोलाराम गोदारा के रूप में हुई है। यह हादसा रविवार देर रात करीब 2 बजे हुआ, जब लूणाराम डीजल टैंक का ढक्कन बंद करने गया था।
परिजनों ने बताया कि ढक्कन बंद करते समय लूणाराम का पैर फिसल गया। इसी दौरान डीजल टैंक का भारी लोहे का ढक्कन उस पर गिर गया, जिससे उसका धड़ ढक्कन के नीचे आ गया। ढक्कन का किनारा उसकी गर्दन पर लगा, जिससे उसका सिर फट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पंप पर मौजूद अन्य कर्मियों ने तुरंत बचाव के लिए भाग कर आए, लेकिन तब तक लूणाराम दम तोड़ चुका था। सूचना मिलने पर SHO राजेंद्र कुमार टीम के साथ मौके पर पहुँचे, मौका मुआयना किया और शव को उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामले में जाँच की जा रही है।