6 साल की बच्ची से  रेप आरोपी सलमान का ‘शॉर्ट एनकाउंटर’,  CM ने हटाया था SP

रायसेन में 6 साल की मासूम से दुष्कर्म के आरोपी सलमान (23) को गुरुवार देर रात पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया। छह दिन बाद भोपाल से गिरफ्तार किए गए आरोपी ने गौहरगंज ले जाते समय भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली मारकर उसे रोका। घायल सलमान का इलाज भोपाल के हमीदिया अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर है।

एनकाउंटर और गिरफ्तारी

पुलिस ने गुरुवार रात आरोपी सलमान को भोपाल के गांधी नगर इलाके में एक चाय की दुकान से हिरासत में लिया था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे के मुताबिक, रात करीब 3-4 बजे जब सलमान को गौहरगंज ले जाया जा रहा था, तब पुलिस की गाड़ी औबेदुल्लागंज क्षेत्र के जंगल में पंक्चर हो गई। दूसरी गाड़ी में शिफ्ट करते समय सलमान ने एसआई श्यामराज सिंह की बंदूक छीनकर भागने और फायर करने की कोशिश की। आत्मरक्षा में पुलिस ने उसके पैर पर गोली चलाई। हमले में एसआई श्यामराज सिंह को भी चोट आई है।

पीड़ित बच्ची की हालत गंभीर

21 नवंबर को बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया गया था। बच्ची को इलाज के लिए भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया है कि बच्ची के निजी अंगों पर गंभीर चोटों के कारण कई सर्जरी करनी पड़ी हैं। वह फिलहाल आईसीयू में है। डॉक्टरों के मुताबिक, पूरी तरह सामान्य होने में उसे कम से कम छह महीने लग सकते हैं। बच्ची की माँ ने बताया कि आरोपी ने बच्ची के साथ बुरी तरह मारपीट भी की थी।

एनकाउंटर की हो रही थी मांग

घटना के बाद से ही पूरे इलाके में आरोपी की गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन चल रहा था। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी 26 नवंबर को आरोपी की गिरफ्तारी में देरी और चक्काजाम पर ढीली कार्रवाई से नाराजगी जताते हुए रायसेन एसपी पंकज पांडेय को तत्काल प्रभाव से हटा दिया था। विधायक रामेश्वर शर्मा ने एनकाउंटर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दरिंदे को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। रायसेन पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने वाली या हिंसा को उकसाने वाली सामग्री साझा न करें।