भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती की शिकायत पर पुलिस ने एक 40 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ बलात्कार का केस दर्ज किया है। युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसे नए साल का जश्न मनाने के बहाने केरवा डैम के जंगली इलाके में ले गया, जहां एक निर्जन स्थान पर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और विरोध करने पर धमकियां देकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी जहूर उर्फ समीर को हिरासत में ले लिया है। जांच अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता इवेंट मैनेजमेंट का काम करती है। कुछ महीने पहले उसकी एक सहेली ने उसे इस प्रॉपर्टी एजेंट से मिलवाया था। युवती को अपनी मां के इलाज के लिए पैसे की जरूरत पड़ी तो आरोपी ने उसकी आर्थिक मदद की, जिससे दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी और दोस्ती हो गई।
युवती के बयान के मुताबिक, बुधवार को आरोपी उसके ऑफिस पहुंचा और नए साल से पहले घूमने के नाम पर उसे केरवा जंगल कैंप की ओर ले गया। दोपहर में एक सुनसान जगह पर उसने कथित तौर पर बलात्कार किया। जब युवती ने विरोध जताया तो आरोपी ने उसे चुप रहने की धमकी दी। घर पहुंचकर उसने परिजनों को पूरी घटना बताई और देर रात थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी को पकड़ लिया गया।
पीड़िता के बयान में संदेह
रातीबड़ पुलिस ने तो युवती की शिकायत पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली, लेकिन जांच के दौरान उसके बयान में कई असंगतियां सामने आई हैं। युवती नेहरू नगर इलाके की निवासी है और उसने पुलिस को बताया था कि मां की तबीयत खराब होने के कारण पैसे की जरूरत थी। लेकिन जब पुलिस टीम उसके घर के लिए पहुंची तो मां न तो बीमार मिली और न ही घर पर मौजूद थी। पता चला कि वह युवती के साथ रहती भी नहीं है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पूरी सतर्कता से गहन जांच कर रही है।