सूर्यकुमार यादव पर टिप्पणी पड़ी भारी: एक्ट्रेस खुशी मुखर्जी पर 100 करोड़ का मानहानि केस; फैन ने की गिरफ्तारी की मांग

भारतीय टी20 टीम के कप्तान और स्टार क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने के मामले में एक्ट्रेस खुशी मुखर्जी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक क्रिकेट प्रशंसक ने खुशी के खिलाफ 100 करोड़ रुपए का मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि खुशी ने मीडिया में क्रिकेटर की छवि खराब करने के इरादे से झूठे दावे किए हैं।

क्या था विवादित बयान?

विवाद की शुरुआत दिसंबर 2025 के अंत में एक मीडिया इवेंट के दौरान हुई थी। जब खुशी मुखर्जी से क्रिकेटर्स को डेट करने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा, “मुझे किसी क्रिकेटर को डेट करने में दिलचस्पी नहीं है। मेरे पीछे बहुत से क्रिकेटर्स रहे हैं। सूर्यकुमार यादव मुझे पहले बहुत मैसेज किया करते थे, लेकिन अब हम ज्यादा बात नहीं करते।”

फैन ने दर्ज कराया मुकदमा

खुशी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर सूर्यकुमार यादव के फैंस ने कड़ी नाराजगी जताई। गाजियाबाद के रहने वाले और खुद को क्रिकेटर का बड़ा प्रशंसक बताने वाले फैजान अंसारी ने गाजीपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। फैजान का आरोप है कि खुशी मुखर्जी ने बिना किसी सबूत के सूर्यकुमार यादव का नाम घसीटा है। यह बयान पूरी तरह से दुर्भावनापूर्ण है और इसका उद्देश्य नेशनल स्पोर्ट्स स्टार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना है। शिकायतकर्ता ने गाजीपुर एसपी से एक्ट्रेस को तुरंत गिरफ्तार करने की भी मांग की है।

खुशी मुखर्जी की सफाई: “मैं बस दोस्त थी”

विवाद बढ़ने और कानूनी शिकंजा कसने के बाद खुशी मुखर्जी ने अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने ‘यू-टर्न’ लेते हुए कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। खुशी ने स्पष्ट किया, “हमारे बीच कोई रोमांटिक रिश्ता नहीं था, हम सिर्फ दोस्त थे। क्या हम दोस्तों की तरह बात नहीं कर सकते? मेरे सोशल मीडिया अकाउंट्स भी हैक हुए थे और पुरानी चैट्स को गलत संदर्भ में फैलाया जा रहा है।”

क्रिकेटर की ओर से चुप्पी

सूर्यकुमार यादव, जो 2016 से देविशा शेट्टी के साथ सुखद वैवाहिक जीवन बिता रहे हैं, ने इस पूरे विवाद पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। वे फिलहाल अपने खेल और आगामी सीरीज पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। हालांकि, 100 करोड़ रुपए की भारी-भरकम मानहानि राशि ने इस मामले को देश के सबसे चर्चित सेलिब्रिटी कानूनी विवादों में से एक बना दिया है।