इंदौर के एरोड्रम क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान खोदे गए अनसुरक्षित गड्ढे में शनिवार रात एक युवती स्कूटर समेत गिर गई। हादसे के बाद वह लंबे समय तक बेहोश पड़ी रही, जिसके बाद राहगीरों ने उसे गड्ढे से बाहर निकाला और स्कूटर को भी निकाला गया।
यह घटना स्कीम नंबर 51 स्थित कचरा स्टेशन के निकट हुई। जानकारी के अनुसार, युवती स्कूटर चला रही थी, तभी संतुलन बिगड़ने से वह सीधे सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। यह गड्ढा ड्रेनेज लाइन बिछाने के लिए खोदा गया था, लेकिन इसे ठीक ढंग से बंद नहीं किया गया था।
घायल युवती को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस रात में मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कराई।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस इलाके में रात के समय भारी अंधेरा रहता है और सड़क निर्माण के कारण रास्ता काफी संकरा हो गया है। इसी कारण यहां लगातार हादसे हो रहे हैं। रहवासियों ने रात में कई बार संबंधित अधिकारियों को फोन किया, लेकिन कोई जिम्मेदार अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा।