जबलपुर में सुखसागर वैली के सूने घर में बड़ी चोरी, 70 तोला सोना-1 किलो चांदी और 6 लाख नकद गायब

जबलपुर में ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के पोलीपाथर स्थित सुखसागर वैली में एक ट्रांसपोर्टर के घर में चोरों ने सेंध लगाकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी उड़ा ली। यह वारदात उस समय हुई जब परिवार के सदस्य मां के इलाज के लिए अस्पताल में थे। पुलिस ने घटना की शनिवार रात एफआईआर दर्ज की है और जांच शुरू कर दी है।

ट्रांसपोर्ट व्यवसायी सागर वर्मा की मां की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें 22 जनवरी की शाम से ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सागर और उनकी पत्नी मां की देखभाल में लगे हुए थे, जिस कारण घर पूरी तरह खाली था। मुख्य दरवाजे पर ताला लगाकर दोनों अस्पताल चले गए थे।

शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे पड़ोसी अरुण जायसवाल ने फोन कर सूचना दी कि घर का दरवाजा खुला हुआ है। सूचना मिलते ही सागर दंपति तुरंत घर पहुंचे। वहां पहुंचकर देखा तो मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा हुआ था। घर के अंदर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे।

चोरों ने अलमारी के लॉकर से करीब 70 तोला वजन का सोना और 1 किलोग्राम चांदी के आभूषण साथ ही 6 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सोने में 9 सेट (प्रत्येक में हार और दो कान के जेवर), एक हार, दो ब्रेसलेट, पांच चेन, आठ कंगन, आठ अंगूठियां, दो बेंदी, 14 कान के जेवर, एक नथ आदि शामिल हैं। चांदी में चार कंगन, 12 जोड़ी बिछिया, पांच जोड़ी पायल, मंगलसूत्र, सिंदूरदानी, सिक्के, लोटा, चेन और कड़े आदि थे।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो चार नकाबपोश युवक घर के आसपास मंडराते दिखे। फुटेज में सुबह करीब 3:45 बजे ये चारों घर में घुसते और 4:13 बजे बाहर निकलते नजर आए। पुलिस ने आरोपियों के हुलिए के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।