भोपाल में शादी रिसेप्शन के दौरान गैस सिलेंडर ब्लास्ट, आग की लपटें 50 फीट ऊँची

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के भौंरी इलाके में स्थित होटल प्ले एंड रिसोर्ट में सोमवार रात शादी के रिसेप्शन समारोह के दौरान अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात करीब 10 बजे की है। संभवत शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से चिंगारी भड़की, जो पास रखे गैस सिलेंडर तक पहुंच गई। विस्फोट इतना तेज था कि धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जबकि आग की लपटें लगभग 50 फीट की ऊंचाई तक उठ गईं।

रिसेप्शन में मौजूद मेहमानों में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि आग और विस्फोट वाली जगह पर उस समय कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ देर पहले वहां वाहन खड़े थे, यदि विस्फोट तब होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन होटल का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही गांधीनगर, बैरागढ़ और फतेहगढ़ की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने का अभियान रात 12 बजे तक जारी रहा। रात में ही जेसीबी की मदद से प्रभावित क्षेत्र को साफ किया गया।