महिला कांग्रेस ने भोपाल में ‘रसोई संसद’ निकाली, महंगाई के खिलाफ थाली-बेलन से विरोध

भोपाल में महिला कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर ‘रसोई संसद’ का आयोजन कर महिला कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेठिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने खाली कड़ाही, चकला-बेलन, थाली और गैस सिलेंडर लेकर विरोध जताया। उन्होंने थाली बजाई और रोटियां बेलकर यह संदेश दिया कि महंगाई ने घरेलू बजट को पूरी तरह बिगाड़ दिया है। दाल, अनाज, खाद्य तेल समेत रोजमर्रा की जरूरी चीजें महंगी हो गई हैं, जिससे गरीब परिवारों को खाना पकाने में भी दिक्कत हो रही है। कई लोग गैस सिलेंडर भरवाने में असमर्थ हैं।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि उज्ज्वला योजना के बावजूद मध्य प्रदेश में स्थिति चिंताजनक है। लगभग 16 लाख हितग्राही ऐसे हैं जो एक भी सिलेंडर नहीं भरवा पा रहे हैं। आदिवासी इलाकों में छोटे बच्चे और महिलाएं जंगल से लकड़ियां ढोकर चूल्हा जलाने को मजबूर हैं।

रीना बौरासी ने कहा, “कल 18 फरवरी को पेश होने वाले राज्य बजट में यदि महंगाई पर कोई राहत नहीं दी गई, तो 19 फरवरी को हम वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के आवास का घेराव करेंगे।”

कार्यकर्ता रूपाली शर्मा ने मांग की कि घरेलू गैस सिलेंडर का दाम 400 रुपये किया जाए। उन्होंने कहा, “पहले कांग्रेस सरकार में सिलेंडर 400 रुपये में मिलता था, लेकिन अब बीजेपी सरकार में महिलाएं परेशान हैं। यदि हमारी मांग नहीं मानी गई तो आगे भी आंदोलन तेज होगा।”