मंगलवार रात ग्वालियर-मुरैना मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले कार में जोरदार कट मारा, जिसके बाद कार चालक ने ट्रक को रोकने की कोशिश की। इस दौरान ट्रक की चपेट में आने से कार चालक मौके पर ही कुचलकर मारा गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान शेख की बगिया निवासी शिवांग धनावत (33) पुत्र चवणप्रकाश धनावत के रूप में हुई है। वह मुरैना की ओर से अपनी कार से ग्वालियर शहर की तरफ आ रहे थे। पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के रायरू स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचते ही तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार में कट मार दिया।
इससे आक्रोशित होकर शिवांग ने कार सड़क किनारे रोकी और ट्रक चालक को पकड़ने के इरादे से ट्रक के आगे जाकर उसे रोकने का प्रयास किया। लेकिन ट्रक ने उन्हें भी चपेट में ले लिया और पहियों के नीचे कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने पुरानी छावनी थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और स्थिति को नियंत्रित किया। ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने हादसे का मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश तेज कर दी है। पुलिस जांच में यह सामने आया है कि ट्रक मुरैना की ओर से आ रहा था और अत्यधिक तेज गति के कारण यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने घटना को बेहद दर्दनाक बताया है।