बैहर-मलाजखंड मार्ग पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्य जिंदा जलकर मारे गए। हादसे में 3 वर्षीय मासूम बच्चे की भी मौत हो गई। तेज रफ्तार ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई।
शनिवार देर रात केवलारी चौराहे के पास यह दुर्घटना हुई। कार चालक प्रीतम केलकर (30) अपनी पत्नी, माता-पिता और बच्चों के साथ पवनी से पोंडी की ओर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, संभावित रूप से चालक को नींद आ जाने के कारण कार मोड़ पर बेकाबू हो गई और सीधे सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। पलटते ही वाहन में आग भड़क उठी, जो इतनी तेजी से फैली कि सवार लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिल सका।
हादसे में कार के अंदर फंसे तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें प्रीतम केलकर के पिता नगारची केलकर (65), उनकी पत्नी सविता केलकर (28) और 3 वर्षीय बेटा अभि केलकर शामिल हैं। राहगीरों ने बड़ी मुश्किल से कार का शीशा तोड़कर 8 वर्षीय बच्ची पूर्वी को बाहर निकाला। इसके बाद प्रीतम केलकर और उनकी मां नानाबाई केलकर (60) को गंभीर हालत में बचाया गया। दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रीतम केलकर पवनी में वेल्डिंग की दुकान चलाते हैं। वे तीन दिन पहले परिवार सहित पोंडी आए थे और शनिवार रात वापस लौट रहे थे।
बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से तीन लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण बाकी तीन लोग कार के अंदर ही जल गए। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मृतकों के शवों के जल चुके अवशेष निकालते देखे जा सकते हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक के नींद में होने के कारण यह दुर्घटना हुई प्रतीत होती है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।