शहडोल: जंगली हाथी के हमले में किसान की मौत, मवेशी भी कुचला, ग्रामीणों में दहशत

शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात जंगली हाथी के हमले में 50 वर्षीय किसान छोटे लाल सिंह की मौत हो गई। घटना केशवाही वन परिक्षेत्र के गिरवा गांव की है। हमले में एक मवेशी की भी जान चली गई।

जानकारी के मुताबिक, किसान छोटे लाल सिंह परिवार के साथ खेत में बने मकान में रुके हुए थे। देर रात एक हाथी मकान में घुस आया। आहट सुनकर परिजन बाहर की ओर भागे, लेकिन छोटे लाल समय पर नहीं निकल पाए। हाथी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे, तब तक हाथी खेत में बंधे एक मवेशी को भी मार चुका था।

सूचना पर वन विभाग और अमलाई पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया गया है। परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह हाथी पिछले कई दिनों से अनूपपुर-शहडोल सीमा पर विचरण कर रहा था। ग्रामीणों को मुनादी के जरिए सतर्क रहने की सलाह दी गई थी। फिलहाल हाथी घटनास्थल से करीब 20 किमी दूर अतरिया क्षेत्र में पहुंच गया है। वन अमला लगातार उसकी निगरानी कर रहा है।

घटना के बाद गिरवा और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सुरक्षा इंतजामों पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि हाथी की मौजूदगी की जानकारी के बाद भी ठोस उपाय नहीं किए गए। वन विभाग ने लोगों से रात में खेतों में न रुकने और समूह में रहने की अपील की है।