केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय से मुलाकात की। मुख्यमंत्री पद ग्रहण करने के बाद यह दोनों नेताओं की पहली आधिकारिक भेंट थी।
यह मुलाकात दक्षिणी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों की 31वीं क्षेत्रीय परिषद बैठक से ठीक पहले हुई। बैठक में केंद्र-राज्य सहयोग बढ़ाने और लंबे समय से अटके अंतरराज्यीय मुद्दों के समाधान पर चर्चा होने की उम्मीद है। अमित शाह ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं।
क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता गृह मंत्री करेंगे, जबकि मेजबान राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में जोसेफ विजय इसमें भाग लेंगे। इसमें आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों के साथ पुडुचेरी, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह तथा लक्षद्वीप के उपराज्यपाल व प्रशासक शामिल होने वाले हैं।
बैठक के एजेंडे में नदी जल विवाद प्रमुख रूप से शामिल हैं। इनमें कर्नाटक-तमिलनाडु, तेलंगाना-आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु-केरल के बीच पानी के बंटवारे से जुड़े मामले चर्चा के केंद्र में रहेंगे। इसके अलावा आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम के प्रावधान, क्षेत्रीय विकास और केंद्र की योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी विचार होगा। महिलाओं एवं बच्चों के खिलाफ अपराध, खासकर बलात्कार के मामलों की त्वरित जांच-सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट के कामकाज, शिक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और नागरिक उड्डयन जैसे विषय भी एजेंडे में हैं।