राजधानी दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर बुधवार रात से गुरुवार सुबह के बीच बुलडोजर कार्रवाई की गई। संबंधित एजेंसियों ने जेसीबी मशीन की मदद से हाई कमीशन परिसर की निर्धारित सीमा से बाहर बने अवैध ढांचे, बैरिकेड, लोहे की फेंसिंग, ट्रैफिक बोलार्ड और वीजा सेक्शन के पास कतार प्रबंधन के लिए लगाए गए अस्थायी शेड हटा दिए।

अधिकारियों के अनुसार, ये संरचनाएं मंजूर परिसर से बाहर सड़क और फुटपाथ पर बनी हुई थीं। कार्रवाई के दौरान धातु की फेंसिंग, छत की चादरें और अन्य अस्थायी निर्माण तोड़े गए। स्थल पर मलबा बिखरा दिखा, लेकिन हाई कमीशन का मुख्य प्रवेश द्वार, दीवारें और प्रतीक चिन्ह वाला गेट पूरी तरह सुरक्षित रहा।
यह कार्रवाई इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर पाकिस्तानी पक्ष द्वारा दो-तीन दिन पहले सुरक्षा बैरिकेड और पार्किंग पोल हटाने के बाद हुई है। कई पर्यवेक्षक इसे दोनों देशों के बीच कूटनीतिक जवाबी कदम के रूप में देख रहे हैं, हालांकि भारतीय पक्ष ने आधिकारिक रूप से केवल अवैध अतिक्रमण हटाने का उल्लेख किया है।