सोने-चांदी में गुरुवार को जोरदार तेजी, MCX  पर सोना 1,58,279 रुपये पर

गुरुवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने व चांदी की कीमतों में उल्लेखनीय तेजी दर्ज की गई। डॉलर के कमजोर पड़ने, वैश्विक बॉन्ड यील्ड में नरमी और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग ने बहुमूल्य धातुओं को मजबूती प्रदान की।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का अक्टूबर कॉन्ट्रैक्ट 283 रुपये की बढ़त के साथ 1,58,279 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। यह 1,58,008 रुपये पर खुला और दिन में 1,58,300 रुपये का उच्च स्तर छू गया। इस साल सोने का सर्वोच्च स्तर 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा है।

चांदी का सितंबर कॉन्ट्रैक्ट भी 3,513 रुपये की जोरदार उछाल के साथ 2,40,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। इसका शुरुआती भाव 2,38,500 रुपये रहा और दिन का उच्च स्तर 2,41,167 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया। इस साल चांदी का अधिकतम स्तर 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम रहा है।

अंतरराष्ट्रीय कॉमेक्स बाजार में भी तेजी का रुख बना रहा। सोना 7.20 डॉलर की बढ़त के साथ 4,552.50 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड हो रहा था। इसका ओपनिंग भाव 4,580 डॉलर प्रति औंस रहा।