लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर भगवान शिव और माता पार्वती की एक प्राचीन मूर्ति की तस्वीर साझा की। यह पोस्ट उनके पिछले दिन के बयान पर हो रही ट्रोलिंग और आलोचना के जवाब में आई।
सोमवार को सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी ने बचपन की एक याद साझा की थी। उन्होंने बताया कि खाना खाते समय उनकी मां सोनिया गांधी अक्सर पिता राजीव गांधी की गोद में बैठा करती थीं। उन्हें यह बात सामान्य लगती थी। दोस्तों के घर जाकर जब उन्होंने ऐसा नहीं देखा, तो वे उनसे पूछते थे कि उनकी मां पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं।
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग शुरू हो गई और भाजपा नेताओं-समर्थकों ने भी आलोचना की। इसके जवाब में राहुल गांधी ने कर्नाटक के हलेबिडु स्थित 12वीं सदी के होयसलेश्वर मंदिर की मूर्ति की तस्वीर पोस्ट की। इसमें देवी पार्वती भगवान शिव की गोद में बैठी दिख रही हैं।
उन्होंने लिखा- “डर, गुस्सा और नफरत ने भाजपा तथा आरएसएस समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम महसूस करने और व्यक्त करने से रोकता है। एक सच्चे हिंदू के नाते मेरा कर्तव्य है कि मैं उन्हें इस जाल से मुक्त करूं, ताकि वे भी प्रेम और अपनेपन की सुंदरता और खुशी महसूस कर सकें। सत्यम शिवम सुंदरम।”
कांग्रेस ने इस पोस्ट का समर्थन किया और कहा कि हिंदू परंपरा में प्रेम, सम्मान और समानता का संदेश निहित है। विपक्षी दल ने इसे नफरत फैलाने वालों पर प्रहार बताया।