जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट को बुधवार तड़के हुई मुठभेड़ में मार गिराया गया। वह उसी आतंकी हमले का मुख्य आरोपी था, जिसमें 11 नवंबर को सीआरपीएफ की एक पोस्ट पर फायरिंग की गई थी और तीन जवान घायल हुए थे।
लतीफ भट देवसर क्षेत्र के जंगलपोरा गांव की एक मस्जिद के अंदर छिपा बैठा था। सुरक्षाबलों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद अधिकारियों ने वीडियो कॉल के जरिए उससे संपर्क किया और आत्मसमर्पण करने की सलाह दी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि अभी जिंदगी बाकी है और वे उसके साथ हैं।
इस पर आतंकी ने साफ जवाब दिया, “सरेंडर नहीं करूंगा। मुझे अल्लाह से मिलना है। मैं बहुत खुश हूं।” उसने यह भी कहा कि उसके साथ अल्लाह के अलावा कोई नहीं है।
जब वह हथियार डालने को तैयार नहीं हुआ और फायरिंग शुरू कर दी, तो सुरक्षा बलों ने कार्रवाई की। आंसू गैस के गोले दागे गए और मस्जिद को नुकसान पहुंचाए बिना उसे बाहर निकालकर गोली मार दी गई। मस्जिद पूरी तरह सुरक्षित रही।