मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतमा थाना क्षेत्र के खोड़री गांव के पास झीक-बिजुरी मार्ग पर दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि सवार सड़क पर उछलकर गिर पड़े।
इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जिनमें एक तीन साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। दो बच्चों समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
क्या हुआ हादसा
दोपहर करीब एक बजे ग्राम पंचायत भवन के सामने दोनों बाइकें जोरदार तरीके से भिड़ गईं। एक बाइक पर चार और दूसरी पर तीन लोग सवार थे। एक बाइक पर महिला, पुरुष और दो बच्चे एक ही परिवार के सवार बताए जा रहे हैं।
मृतक
- ऋषि (3 वर्ष)
- खुमान सिंह (30 वर्ष)
- एक युवक, जिसकी पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी
घायल
- ज्योति अगरिया (24 वर्ष)
- हंसराज सिंह (30 वर्ष)
- रितिक (5 वर्ष)
- हन सिंह (3 वर्ष)
घायलों को सबसे पहले कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। उनकी हालत नाजुक होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है। वे फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों बाइकों को अपने कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है। हादसे का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।