चक्रवात अकवान का खतरा: मध्य प्रदेश के 20 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब मध्य प्रदेश में भी साफ नजर आने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल ने 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है।

सबसे अधिक प्रभाव जबलपुर, रीवा, शहडोल के साथ नर्मदापुरम और इंदौर संभागों में रहने की आशंका है। 21 नवंबर को सिस्टम का जोर सबसे ज्यादा रहेगा। बालाघाट और डिंडौरी में भारी बारिश हो सकती है। इन दोनों जिलों में 24 घंटे के दौरान ढाई से साढ़े चार इंच तक पानी गिरने की संभावना जताई गई है।

20 नवंबर को मुख्य रूप से शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में हल्की बारिश हो सकती है। 21 नवंबर को प्रभावित जिलों की सूची और बढ़ जाएगी। मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, मंडला, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर और खरगोन समेत लगभग 20 जिलों में आंधी और बारिश के आसार हैं। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।