मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भाई दूज के शुभ अवसर पर प्रदेश की 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों के बैंक खातों में ₹250 की प्रोत्साहन राशि ट्रांसफर करेंगे। यह राशि सीधे मुख्यमंत्री निवास में आयोजित एक कार्यक्रम के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी। इस राशि के ट्रांसफर होने के बाद, नवंबर माह से लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत पात्र बहनों को एक साथ ₹1500 की राशि जमा होगी, जिस पर राज्य सरकार का ₹300 करोड़ से अधिक का खर्च आएगा।
श्रीकृष्ण-सुभद्रा से प्रेरणा
राशि ट्रांसफर करने से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहनों को संदेश देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और सुभद्रा का रिश्ता भाई-बहन के प्रेम और संरक्षण की सबसे सुंदर मिसाल है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार श्रीकृष्ण ने हर परिस्थिति में बहन सुभद्रा की सुरक्षा और सम्मान का ध्यान रखा, उसी भावना से राज्य सरकार भी प्रदेश की हर लाड़ली बहन के सुख, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की साथी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुवार को भाईदूज कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाली बहनों को संदेश देते हुए कहा कि भाई दूज का पर्व भारतीय संस्कृति में प्रेम, स्नेह और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने जोर दिया कि बहनों की मुस्कान ही समाज की समृद्धि का आधार है।
अब तक ₹44,917 करोड़ से अधिक ट्रांसफर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश की लाड़ली बहनें केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि परिवार और समाज की आत्मा हैं। उन्होंने बताया कि अब तक इस लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 44,917.92 करोड़ रुपए सीधे बहनों के खातों में भेजे जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित इस भाई दूज कार्यक्रम में आने वाली लाड़ली बहनों का मुख्यमंत्री डॉ. यादव पुष्पवर्षा कर स्वागत करेंगे। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर और प्रदेश अध्यक्ष बीजेपी हेमंत खण्डेलवाल भी उपस्थित रहेंगे।