दिल्ली पुलिस ने एक बड़े आपराधिक विश्वासघात के मामले में करीब तीन करोड़ रुपये कीमत की इलायची की पूरी खेप बरामद कर ली है। यह माल तमिलनाडु से बेंगलुरु ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही ट्रांसपोर्टर और उसके साथियों ने इसे चोरी कर बेंगलुरु में बेच दिया था।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर को तमिलनाडु के थेनी जिले के निवासी आर. सिराजुद्दीन ने अलीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने महंगी इलायची से भरे 203 बैग दिल्ली के ट्रांसपोर्टर बालाजी को सौंपे थे, लेकिन बालाजी और उसके साथियों ने मिलीभगत कर माल गायब कर दिया और चोरी-छिपे बेंगलुरु में बेच डाला।
शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सर्विलांस, मुखबिरों की सूचना और लगातार छापेमारी के जरिए महज 24 घंटे के अंदर पूरी खेप बरामद कर ली। बरामद इलायची 203 बोरी (प्रत्येक बोरी 50 किलो) में थी। पुलिस ने माल ढोने वाले ट्रक को भी जब्त कर लिया।
इस मामले में अब तक तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके नाम बालाजी, रमन और रतन हैं। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह में कुछ और लोग भी शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्होंने इसी तरह की कितनी अन्य ठगी की वारदातें की हैं।