भोपाल: कोलार इलाके में कल रात घर से टहलने के लिए निकले युवक पर तीन बदमाशों ने पुरानी रंजिश को लेकर उस पर चाकू से हमला कर उसे लहुलूहान कर दिया और फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक 50 वर्षीय दिलीप मोरे सरकारी क्वार्टर कोलार में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनका 25 वर्षीय भतिजा अभिषेक मजदूरी करता है, और नर्मदापुरम का रहने वाला है। अभी कुछ दिन पहले ही वह कपड़े खरीदने के लिए भोपाल आया था, और उनके पास ही रह रहता था। बीती रात वह खाना खाने के बाद टहलने के लिए मानसरोवर स्कूल के पास टहल रहा था। तभी अचानक सामने आए बदमाश पप्पू उर्फ प्रकाश, सूजल और विजय ने उसे घेरा लिया। इतना ही नहीं पहले उसके साथ जमकर मारपीट की और चाकू से हमला कर फरार हो गए। तीनों आरोपी बैरागढ़ चीचली के रहने वाले हैं। घटना की खबर लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हमले के बाद आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमार कार्रवाई कर रही है।