मिसरोद थाना क्षेत्र का मामला : CCTV फुटेज वायरल
भोपाल: मिसरोद थाना क्षेत्र में स्थित मैजिक स्टॉट कैफे में कल रात तोड़फोड़ करने वाले बदमाश सेज यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्र हैं। अब उन्हें पकड़ने के लिए तीन थानों की पुलिस लगी हुई है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोपी की गिरμतारी नहीं हो सकी है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात करीब सात बजे कैफे में 20 से ज्यादा नकाबपोश बदमाशों ने तलवार-डंडों से जमकर तोड़फोड़ की थी। घटना दो मिनट से भी कम समय में अंजाम दी गई और सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल भी हुए। जिसमें बदमाश हाथों में तलवार और डंडा लेकर हमला और तोड़फोड़ करते हुए दिखाई दे रहे हैं। टीआई संदीप पवार ने बताया कि फरियादी सक्षम गोस्वामी की शिकायत पर आरोपी निखिल पटेल, वासु गुप्ता, अभिषेक, रिषभ व अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि हमला करने वाले आरोपी सेज यूनिवर्सिटी के छात्र हैं, और वह घटना के बाद से फरार है। प्राथमिक जांच में यह साफ दिख रहा है कि हमलावरों की मंशा लूटपाट नहीं थी। वे सीधे कैफे में घुसे, तोड़फोड़ की और भाग निकले। इससे पुलिस को रंजिश की आशंका लग रही है। कैफे संचालक सक्षम गिरि रंजिश की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे, इसलिए उनसे बातचीत की जा रही है। आरोपियों को मिसरोद अलावा बागसेवनिया और कटारा हिल्स पुलिस भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।