पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज (शुक्रवार, 21 नवंबर) भोपाल पहुँचे हैं। उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद यह उनका पहला सार्वजनिक कार्यक्रम है, जिसमें वे मंच से संबोधन देंगे।
वह आज दोपहर भोपाल के राजभवन में करीब साढ़े चार घंटे रुकने के बाद शाम 4:15 बजे रवीन्द्र भवन के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे रात करीब आठ बजे वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नेता की किताब का विमोचन
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ रवीन्द्र भवन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन वैद्य द्वारा लिखी गई किताब “हम और यह विश्व” के विमोचन समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में वृंदावन के श्री आनंदम धाम आश्रम के पीठाधीश्वर रीतेश्वर जी महाराज और वरिष्ठ पत्रकार विष्णु त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
सार्वजनिक मंच पर चार महीने बाद वापसी
यह कार्यक्रम इस लिहाज से महत्वपूर्ण है कि इसी साल 21 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के पहले ही दिन उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद से जगदीप धनखड़ किसी भी ऐसे सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे जहाँ उन्होंने मंच से कोई भाषण दिया हो या मीडिया में कोई बयान दिया हो।
इस्तीफे के ठीक चार महीने बाद, आज 21 नवंबर को, उनका यह पहला सार्वजनिक कार्यक्रम है। इससे पहले वे केवल 12 सितंबर को नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के शपथ ग्रहण समारोह में नज़र आए थे, लेकिन तब उन्होंने कोई भाषण नहीं दिया था। आज के कार्यक्रम के माध्यम से वे त्यागपत्र के बाद पहली बार किसी सार्वजनिक मंच से देश को संबोधित करेंगे।