तमिलनाडु में दो बसों की भीषण टक्कर, 6 की मौत 30 घायल

तमिलनाडु के तेनकासी जिले में सोमवार सुबह दो बसों की आमने-सामने की भीषण टक्कर में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में 30 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे हुई, जब मदुरै से सेनकोट्टई जा रही एक बस और तेनकासी से कोविलपट्टी जा रही दूसरी बस आपस में टकरा गईं। मरने वालों में 5 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल है।

तेज रफ्तार और लापरवाही से हुआ हादसा

पुलिस की शुरुआती जाँच में पता चला है कि मदुरै से सेनकोट्टई जा रही बस का ड्राइवर लापरवाही और तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हादसे के वक्त दोनों बसों में कम से कम 55 लोग सवार थे।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्रियों को निकालने के लिए जेसीबी और कटर की मदद लेनी पड़ी। हादसे के तुरंत बाद 25 से ज्यादा एम्बुलेंस बुलाई गईं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुँचाया गया। पुलिस ने आशंका जताई है कि गंभीर रूप से घायलों की वजह से मरने वालों का आँकड़ा बढ़ सकता है।