बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे हाजीपुर-लालगंज मुख्य मार्ग पर कंचनपुर धनुषी के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। लालगंज से हाजीपुर की ओर आ रही एक यात्री बस ने विपरीत दिशा से आ रहे एक पैसेंजर ऑटो को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ऑटो पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसका ऊपरी हिस्सा दूर तक उड़ गया।
हादसे में तीन लोगों की मौके तथा अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कई की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। सभी घायलों को तुरंत हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान
मृतकों में काजीपुर थाना क्षेत्र के श्यामचक निवासी मोहम्मद दिलशेर, रहीमपुर गांव निवासी शंभू साह के पुत्र राजीव कुमार और 25 वर्षीय राजगीर कुमार शामिल हैं। करतांहा थाना अध्यक्ष कुणाल आजाद ने तीन लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। घायलों में लालगंज सिरहन निवासी रंजन कुमार और लालगंज पोजिया निवासी सन्नी कुमार की भी पहचान हो चुकी है। बाकी घायलों व मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
हादसे का कारण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाजीपुर-लालगंज मार्ग का यह हिस्सा एकतरफा यातायात (वन-वे) वाला है, फिर भी दोनों वाहन आमने-सामने से आ रहे थे। बस की रफ्तार करीब 70 किमी प्रति घंटा और ऑटो की रफ्तार लगभग 60 किमी प्रति घंटा बताई जा रही है। ऑटो में 12-13 यात्री सवार थे, जो अधिकांश स्थानीय गांवों के थे। चश्मदीदों का कहना है कि बस चालक की लापरवाही के कारण यह टक्कर हुई। टक्कर के बाद ऑटो के यात्री सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। एक व्यक्ति की टक्कर लगते ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ा।
बस में तोड़फोड़, ड्राइवर फरार
हादसे के तुरंत बाद बस चालक वाहन रोककर मौके से फरार हो गया। गुस्साई भीड़ ने यात्री बस में जमकर तोड़फोड़ की। बस में सवार अन्य यात्रियों को किसी तरह जान बचाकर भागना पड़ा।
बस में मौजूद एक यात्री ने बताया, “अचानक तेज धमाका हुआ और पूरी बस डगमगाने लगी। पता ही नहीं चला क्या हो गया। सामने देखा तो ऑटो के परखच्चे उड़ रहे थे और लोग सड़क पर बिखरे पड़े थे। इसके बाद भीड़ बस पर टूट पड़ी, हम लोग जान बचाकर भागे।”
पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बस को जब्त कर लिया गया है। पुलिस दोनों वाहनों की गलत दिशा में चलने और तेज रफ्तार के कारणों की जांच कर रही है। मामले में बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी चल रही है।