भोपाल: RGPV गर्ल्स हॉस्टल में बीटेक छात्रा ने लगाई फांसी, हॉस्टल स्टाफ से विवाद की चर्चा

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गांधी नगर स्थित RGPV (राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय) के गर्ल्स हॉस्टल में बीटेक फर्स्ट ईयर की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 19 वर्षीय सव्याश्री मुनागला के रूप में हुई है, जो धार जिले की रहने वाली थी और कॉलेज से कंप्यूटर साइंस एंड बिजनेस सिस्टम (CSBS) की पढ़ाई कर रही थी। गुरुवार दोपहर तक जब सव्याश्री अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो साथी छात्राओं ने वार्डन को सूचित किया। गेट खुलवाने पर छात्रा का शव दुपट्टे के फंदे से लटका मिला।

महिला स्टाफ से नोकझोंक के बाद उठाया कदम!

हॉस्टल परिसर में चर्चा है कि घटना से पहले सव्याश्री की हॉस्टल की ही एक महिला स्टाफ के साथ किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मौके पर पहुंची पुलिस और FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम ने कमरे की सघन तलाशी ली है। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त कर लिया है ताकि मौत की असल वजह और मानसिक स्थिति का सुराग लगाया जा सके।

सुसाइड नोट नहीं मिला, परिजनों का इंतजार

एसआई कन्हैयालाल यादव के अनुसार, कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। छात्रा के परिजनों को धार में सूचना दे दी गई है। उनकी मौजूदगी में ही शव का पोस्टमॉर्टम हमीदिया अस्पताल में कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि रूममेट्स, हॉस्टल स्टाफ के बयान और मोबाइल डेटा की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल गांधी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।