प्रियंका गांधी असम दौरे पर: कामाख्या मंदिर में दर्शन, विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा असम के दो दिवसीय दौरे पर पहुंची हैं। यह दौरा राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

गुरुवार को प्रियंका गांधी ने गुवाहाटी स्थित प्रसिद्ध मां कामाख्या देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। मंदिर के बाहर पत्रकारों से बातचीत में जब उनसे पूछा गया कि वे भगवान से क्या मांगेंगी, तो उन्होंने कहा, “मैं भगवान से कभी कुछ मांगती नहीं हूं।” इस दौरान असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई सहित अन्य पार्टी नेता उनके साथ मौजूद थे।

प्रियंका गांधी के इस दौरे के दौरान वे पार्टी पदाधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेंगी, जिसमें उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा होगी। असम कांग्रेस प्रमुख गौरव गोगोई ने बताया कि पार्टी चुनावी तैयारियों को तेज कर रही है। उन्होंने कहा कि फरवरी के अंत तक उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने की संभावना है। मार्च के पहले सप्ताह तक कुल लगभग 80 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम अंतिम रूप से तय कर घोषित कर दिए जाएंगे।

गोगोई ने आगे कहा कि पार्टी गठबंधन को लेकर भी सक्रिय है और इस मामले में कांग्रेस सत्तारूढ़ बीजेपी से काफी आगे चल रही है। उनका लक्ष्य चयन प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करना है, ताकि चुनावी रणनीति मजबूती से लागू की जा सके।