गुजरात में 4 घंटे में 3 बार भूकंप, लोगों में दहशत

गुजरात में गुरुवार को चार घंटे के अंदर तीन बार आए भूकंप के झटकों ने लोगों में खलबली मचा दी। राज्य के विभिन्न हिस्सों में महसूस हुए इन हल्के झटकों के कारण कई लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए, हालांकि कहीं भी जान-माल की कोई क्षति नहीं हुई।

सूत्रों के अनुसार, झटकों का दौर दाहोद जिले से शुरू हुआ। सुबह 11:55 बजे यहां रिक्टर स्केल पर 2.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र दाहोद शहर से लगभग 34 किमी पश्चिम-दक्षिण दिशा में था। तीव्रता कम होने से अधिकांश लोगों को यह महसूस भी नहीं हुआ, लेकिन जिन्हें एहसास हुआ, वे सतर्क होकर बाहर आ गए।

इसके करीब दो घंटे बाद दोपहर 1:43 बजे कच्छ जिले के बछुआ क्षेत्र में दूसरा झटका आया। इसकी तीव्रता 3.4 मापी गई और केंद्र भचाऊ से लगभग 12 किमी उत्तर-पश्चिम में स्थित था। कच्छ क्षेत्र भूकंप के प्रति संवेदनशील होने के कारण यहां के निवासी ऐसे मामलों में तुरंत सतर्क हो जाते हैं।

तीसरा झटका दोपहर 3:08 बजे बोटाद जिले में आया, जिसकी तीव्रता भी 3.4 दर्ज की गई। इसका केंद्र बोटाद शहर से करीब 28 किमी दक्षिण-पश्चिम दिशा में था। लगातार तीन झटकों के बाद स्थानीय प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखना शुरू कर दिया है और अलर्ट जारी किया गया है। अभी तक किसी भी जगह से नुकसान या हताहत की कोई रिपोर्ट नहीं आई है।