मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत कई शहरों में रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की बुकिंग में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। अफवाहों के चलते लोगों में पैनिक जैसा माहौल बन गया है, जिससे गैस एजेंसियों पर भीड़ बढ़ गई है।
भोपाल में पिछले दो दिनों में 28 से 30 हजार LPG सिलेंडर की बुकिंग हो चुकी है, जबकि रोजाना की औसत सप्लाई केवल 22 हजार के आसपास है। इससे पेंडिंग बुकिंग का आंकड़ा 40 हजार तक पहुंच गया है। कई एजेंसियों पर बुकिंग दो से तीन गुना तक बढ़ गई है और घरों में सिलेंडर पहुंचने में 4 से 5 दिन का समय लग रहा है।
फूड एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि राज्य में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा, “पिछले 2-3 दिनों में बुकिंग पहले की तुलना में लगभग दोगुनी हो गई है। भोपाल में रोजाना करीब 11 हजार सिलेंडर की सप्लाई हो रही है, लेकिन बढ़ी हुई मांग के कारण रोज 3 हजार तक बुकिंग पेंडिंग रह जा रही है।”
उन्होंने आश्वासन दिया कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। भोपाल की एजेंसियों के पास अभी 5 से 6 दिन का स्टॉक मौजूद है और भौंरी स्थित ऑयल डिपो से नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति जारी है।
पेट्रोल पंपों पर भी बढ़ा दबाव
पेट्रोल और डीजल की खपत में भी अचानक वृद्धि दर्ज की गई है। मध्य प्रदेश पेट्रोल पंप ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों में कुछ पंपों पर ईंधन की कमी दिखाई दी, लेकिन यह स्टॉक खत्म होने की वजह से नहीं बल्कि कंपनियों को एडवांस भुगतान न करने के कारण था। अब कंपनियां क्रेडिट सुविधा दे रही हैं, जिससे ईंधन की सप्लाई सामान्य हो गई है।
शनिवार को भोपाल में किसी भी पंप पर ईंधन की कमी की खबर नहीं आई। शहर के 192 पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध रहा।
अजय सिंह ने बताया कि अफवाहों के कारण ईंधन की खपत में करीब 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन जैसे शहरों में पंपों पर भीड़ तो अपेक्षाकृत कम है, लेकिन लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं। भोपाल में पेट्रोल की रोजाना खपत सामान्य 9 लाख लीटर से बढ़कर 15 से 20 लाख लीटर तक पहुंच गई है।
प्रशासन का आश्वासन
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही LPG सिलेंडर एवं पेट्रोल-डीजल की बुकिंग करें। अधिकारियों का कहना है कि दोनों ईंधनों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।