ईरान युद्ध पर पाकिस्तान की मध्यस्थता: सऊदी, तुर्किये और मिस्र के विदेश मंत्री इस्लामाबाद में बैठक को तैयार

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच एक महीने से चल रहे युद्ध के बीच पाकिस्तान ने क्षेत्रीय शांति के लिए बड़ी पहल की है। सऊदी अरब, तुर्किये और मिस्र के विदेश मंत्री दो दिवसीय बैठक के लिए इस्लामाबाद पहुंच गए हैं।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार के निमंत्रण पर सऊदी के प्रिंस फैसल बिन फरहान, तुर्किये के हाकान फिदान और मिस्र के बद्र अब्देलअत्ती 29-30 मार्च को यहां बैठक करेंगे। बैठक का मुख्य फोकस क्षेत्रीय तनाव कम करना, युद्धविराम और स्थिरता बहाल करना है। मिस्र और तुर्किये के मंत्री शनिवार को पहुंच गए, जबकि सऊदी मंत्री आज पहुंच रहे हैं।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ इन मंत्रियों से मुलाकात कर सकते हैं। इससे पहले शरीफ ने ईरानी राष्ट्रपति से फोन पर बात की थी। पाकिस्तान खुद को अमेरिका-ईरान के बीच मध्यस्थ के रूप में पेश कर रहा है।

अमेरिका की सैन्य बढ़ोतरी

इस बीच अमेरिका ने मध्य पूर्व में अपनी ताकत मजबूत कर दी है। यूएस सेंट्रल कमांड के अनुसार, USS ट्रिपोली युद्धपोत पर सवार करीब 3500 मरीन और नाविक क्षेत्र पहुंच गए हैं। यह तैनाती क्षेत्र में पहले से मौजूद अमेरिकी सैनिकों को और मजबूती देगी।