अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के तेल संसाधनों पर कब्जा करने की इच्छा जताते हुए कहा है कि तेल हासिल करना उनकी प्राथमिकता है। फाइनेंशियल टाइम्स को दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने खार्ग द्वीप पर नियंत्रण की संभावना भी व्यक्त की, जो ईरान का प्रमुख तेल निर्यात केंद्र है।
ट्रंप ने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो ईरान का तेल लेना मेरी सबसे पसंदीदा बात है, लेकिन अमेरिका में कुछ बेवकूफ लोग पूछते हैं कि तुम ऐसा क्यों कर रहे हो? वे बेवकूफ हैं।” उन्होंने आगे बताया कि खार्ग द्वीप को लेना एक विकल्प है, हालांकि इसमें अमेरिकी सैनिकों को वहां लंबे समय तक तैनात रखना पड़ सकता है।
खार्ग द्वीप फारस की खाड़ी में स्थित एक छोटा द्वीप है, जहां से ईरान के कुल तेल निर्यात का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है। इसे देश की आर्थिक रीढ़ माना जाता है। ट्रंप ने इसकी तुलना वेनेजुएला से की, जहां हालिया घटनाओं के बाद अमेरिका ने तेल क्षेत्र पर नियंत्रण बनाए रखने की योजना बनाई है।
मध्य पूर्व युद्ध का संदर्भ
यह बयान अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच पांच सप्ताह से अधिक समय से चल रही संघर्ष की पृष्ठभूमि में आया है। हाल ही में अमेरिकी सेना ने खार्ग द्वीप पर सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए थे, लेकिन तेल सुविधाओं को बचाया गया था। ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही बाधित करता है, तो तेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी कार्रवाई हो सकती है।
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया चल रही है और नए लोगों से बातचीत हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर कोई ठोस समझौता नहीं हुआ तो ईरान की स्थिति काफी खराब हो सकती है। साथ ही उन्होंने आशा जताई कि शांति समझौता जल्द हो सकता है।