अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ा: डोनाल्ड ट्रंप बोले- समझौते तक नहीं हटेगी नाकेबंदी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर जारी नौसैनिक नाकेबंदी को लेकर एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा कि ईरान के साथ व्यापक समझौता (डील) पूरी तरह से पूरा होने तक अमेरिका की नाकेबंदी बरकरार रहेगी। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि यह नाकेबंदी ईरान को भारी नुकसान पहुंचा रही है और समझौता 100 प्रतिशत पूरा होने तक कोई ढील नहीं दी जाएगी।

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका-ईरान के बीच युद्धविराम (सीजफायर) की समयसीमा लगभग समाप्त होने वाली है और पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अप्रत्यक्ष वार्ता अभी भी अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। अमेरिकी नौसेना ने ईरानी बंदरगाहों और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े जहाजों पर नाकेबंदी जारी रखी हुई है। ट्रंप ने कहा कि ईरान पर दबाव बनाए रखने के लिए यह रणनीति जारी रहेगी।

ईरान का जवाब- धमकियों के साए में बातचीत नामुमकिन

ईरान ने ट्रंप की इस चेतावनी को सीधे खारिज कर दिया है। ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर ग़ालिबाफ ने कहा कि अमेरिका की धमकियों की छाया में कोई बातचीत स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने लिखा कि पिछले दो सप्ताह में ईरान ने युद्धक्षेत्र में नए ‘कार्ड’ खोलने की पूरी तैयारी कर ली है। ईरान का कहना है कि नाकेबंदी युद्धविराम का उल्लंघन है और वे किसी भी सूरत में झुकने वाले नहीं हैं।

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने भी चेतावनी जारी की है। उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य पर सख्त नियंत्रण बरकरार रखने की बात कही और कहा कि अमेरिकी नाकेबंदी हटाए बिना कोई जहाज गुजरने की इजाजत नहीं होगी। IRGC ने साफ चेतावनी दी कि कोई भी गलत कदम दुश्मन को ‘जानलेवा भंवर’ में फंसा सकता है। ईरान ने हाल ही में अमेरिका द्वारा एक ईरानी कार्गो जहाज पर कब्जा किए जाने का जवाब देने का भी वादा किया है।