उज्जैन के बड़नगर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन से करीब 40 फीट की ऊंचाई पर लटकाकर विस्फोट कर दिया गया। यह घटना 23 जून की रात अडान मोहल्ले में हुई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।
जुलूस के दौरान वैन पर दो युवक खड़े होकर लाल झंडे लहरा रहे थे। इसके कुछ देर बाद वैन में जोरदार ब्लास्ट हुआ और उसे उड़ा दिया गया। विस्फोट वाली वैन पर ‘ले फिर आ गए’ लिखा हुआ था।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम अकाउंट ‘परवेज एडिट्स_2.0’ पर कई वीडियो अपलोड किए गए, जिनमें वैन ब्लास्ट के अलावा जुलूस के दौरान युवकों के अन्य प्रदर्शन भी दिखाए गए हैं। कुछ वीडियो में अलग-अलग प्रकार के विस्फोट भी नजर आ रहे हैं। हुसैनी अखाड़ा शाहजलालपुरा के कार्यक्रम में भी एक युवक को ऊंचाई पर लटकाकर प्रदर्शन किए गए।
संतों और हिंदू संगठनों की आपत्ति
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हरिद्वार के संत स्वामी शिवानंद गिरी ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि इससे ऐसा संदेश जा रहा है मानो “काफिरों की गाड़ियों को इसी तरह उड़ा दिया जाएगा।”
हिंदू जागरण मंच के रितेश माहेश्वरी ने कहा कि वैन पर आपत्तिजनक पोस्टर भी लगाए गए थे। उन्होंने सकल हिंदू समाज की ओर से मांग की है कि जिला प्रशासन स्पष्ट करे कि इस तरह की गतिविधि को अनुमति दी गई थी या नहीं।
पुलिस की कार्रवाई
बड़नगर थाना प्रभारी कमलेश सिंगार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। आयोजकों से पूछताछ की जा रही है और गुरुवार शाम तक उचित कार्रवाई की जाएगी।