MCX पर सोना 256 रुपये चढ़ा, चांदी 1,367 रुपये मजबूत  

शुक्रवार को वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और महंगाई की बढ़ती चिंताओं के बीच सोना और चांदी की कीमतों में उल्लेखनीय तेजी देखने को मिली। मुद्रा और बॉन्ड बाजारों में अस्थिरता बढ़ने से निवेशक सुरक्षित विकल्पों की तरफ रुख कर रहे हैं।

अमेरिका द्वारा ईरान पर सख्त प्रतिबंध लगाए जाने की आशंका से कच्चे तेल के दाम ऊपर चढ़े हैं, जिससे महंगाई का दबाव और बढ़ गया है। इसके अलावा केंद्रीय बैंकों, खासकर चीन की लगातार खरीद ने भी बहुमूल्य धातुओं को मजबूती प्रदान की है।

घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स पर सोने का अक्टूबर कॉन्ट्रैक्ट 256 रुपये की बढ़त के साथ 1,59,681 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। चांदी का सितंबर कॉन्ट्रैक्ट 1,367 रुपये चढ़कर 2,44,610 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। सुबह के सत्र में सोने का बेंचमार्क कॉन्ट्रैक्ट 1,205 रुपये की तेजी के साथ 1,60,630 रुपये पर खुला, जबकि चांदी 1,745 रुपये की बढ़त के साथ 2,44,988 रुपये पर ट्रेड कर रही थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स पर भी दोनों धातुएं मजबूत नजर आ रहीं हैं। सोना 4,592.50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद भाव 4,571.40 डॉलर से 21.10 डॉलर ऊपर है। चांदी 0.96 डॉलर की तेजी के साथ 69.06 डॉलर प्रति औंस पर थी।