भोपाल में दर्दनाक हत्याकांड: परिवार के चार सदस्यों का गला काटकर हत्या, आरोपी ट्रेन से कटकर मरा

मध्य प्रदेश की राजधानी में सोमवार को एक भयानक घटना सामने आई। छोला मंदिर थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी मां, पत्नी और दो छोटे बच्चों की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद वह खुद रेलवे ट्रैक पर जा पहुंचा और ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय नरेंद्र साहू के रूप में हुई है। पुलिस को सबसे पहले सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे पटरी पर उनका शव मिला। पहचान होने के बाद पुलिस उनके घर पहुंची। घर का दरवाजा तोड़ने पर अंदर चार शव मिले मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति (10) और बेटा खुश (6)। सभी के गले पर धारदार हथियार से किए गए वार के निशान थे।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि नरेंद्र साहू कैटरिंग और रेस्टोरेंट का काम करते थे। उनका रेस्टोरेंट कुछ समय पहले घाटे के कारण बंद हो चुका था। वे भारी कर्ज के बोझ तले दबे हुए थे। परिजनों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले करीब 15 दिनों से परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और कर्जदाताओं का दबाव भी बढ़ गया था। परिवार किराए के मकान में रह रहा था।

घर की चाबियां नरेंद्र के पास मिलीं। पुलिस का अनुमान है कि उन्होंने पहले परिवार के सदस्यों की हत्या की और फिर आत्महत्या का रास्ता अपनाया। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

जांच अधिकारी घटना के असल कारणों की गहराई से जांच कर रहे हैं। आर्थिक संकट के अलावा किसी अन्य विवाद या दबाव की भी पड़ताल की जा रही है।