बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम में बदलाव आने वाला है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, 20 नवंबर को राज्य के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्रों के नौ जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा शामिल हैं। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है।
इस सिस्टम के प्रभाव से भोपाल और इंदौर सहित कई क्षेत्रों में धुंध या हल्की कोहरा रहने की आशंका है। राजधानी में पहले से ही आसमान में बादल जमा होने लगे हैं।
प्रदेश में ठंड पहले से ही बढ़ चुकी है। कई शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कटनी जिले के करौंदी में हाल ही में सबसे कम 11.4 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में भी न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के आसपास रहा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, खाड़ी में बना दबाव क्षेत्र 17 नवंबर के आसपास और मजबूत होकर आगे बढ़ेगा। इसका सबसे स्पष्ट असर 20 नवंबर को मध्य प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों पर देखने को मिलेगा। इसके बाद तापमान में और गिरावट आने से सर्दी और बढ़ सकती है।