भोपाल में सपा का किसान प्रदर्शन, सैकड़ों ट्रैक्टरों से होगा शक्ति प्रदर्शन

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज समाजवादी पार्टी किसानों की समस्याओं को लेकर बड़ा प्रदर्शन कर रही है। पार्टी का दावा है कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों से लगभग 500 ट्रैक्टर लेकर किसान शहर पहुंचेंगे।

इस कार्यक्रम का नाम ‘समाजवादी किसान पीडीए पंचायत’ रखा गया है। दोपहर एक बजे तुलसी नगर में जेपी अस्पताल के सामने पार्टी के प्रदेश कार्यालय के बाहर सभा रखी गई है। सभा के बाद कार्यकर्ता और किसान पैदल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास की ओर मार्च करेंगे और घेराव करेंगे।

पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने कहा कि सरकार ने किसानों और आम लोगों से किए गए वादे पूरे नहीं किए। उनका आरोप है कि खाद की कमी, फसलों के सही दाम न मिलना, युवाओं में बेरोजगारी और महंगाई जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।

प्रदर्शन में उठाए जाने वाले मुख्य मुद्दे:

  • फसलों का उचित मूल्य
  • खाद की उपलब्धता और टोकन व्यवस्था की शिकायतें
  • 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण का मामला
  • महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी
  • सड़कों की खराब हालत