भारत का उदाहरण देकर ट्रम्प ने फेड पर साधा निशाना, कहा- कम रेट से अमेरिकी जीडीपी दोगुनी हो सकती है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए भारत की अर्थव्यवस्था का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत में ब्याज दरें अपेक्षाकृत कम हैं और वहां की विकास दर करीब 7 प्रतिशत है। अगर अमेरिका में भी ब्याज दरें घटाई जाएं तो देश की जीडीपी वृद्धि 14 से 15 प्रतिशत, बल्कि 20 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।

ट्रम्प ने फेडरल रिजर्व की नीति पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक बताया। उनका आरोप था कि जब भी अमेरिका के आर्थिक आंकड़े अच्छे आते हैं, फेड ब्याज दरें बढ़ा देता है। उनके मुताबिक अच्छे आंकड़ों के समय दरें घटानी चाहिए ताकि विकास और तेज हो और कर्ज भी जल्दी चुकाया जा सके। उन्होंने मौजूदा 4 प्रतिशत के आसपास की ग्रोथ के मुकाबले कम दरों से कहीं ऊंची वृद्धि का दावा किया।

वास्तविक ब्याज दरें

वर्तमान में भारतीय रिजर्व बैंक की रेपो दर 5.50 प्रतिशत है, जबकि अमेरिकी फेडरल फंड्स दर 3.75 से 4 प्रतिशत के बीच है। यानी अमेरिका की ब्याज दर भारत से लगभग 1.5 प्रतिशत कम है। फिर भी ट्रम्प ने भारत की दरों को कम बताते हुए उसकी सात प्रतिशत के आसपास की ग्रोथ को उदाहरण बनाया।

भारत की अर्थव्यवस्था हाल के वर्षों में दुनिया की सबसे तेज बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल रही है। अप्रैल-जून तिमाही में इसकी वास्तविक जीडीपी वृद्धि 7.8 प्रतिशत दर्ज हुई थी।