The rules for PAN, LPG, banking, and ITR will change: देश में 1 जुलाई 2025 से देश में कई महत्वपूर्ण वित्तीय और प्रशासनिक बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जो आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी पर सीधा असर डालेंगे। इन बदलावों में PAN कार्ड नियम, LPG सिलेंडर की कीमतें, बैंकिंग शुल्क, UPI चार्जबैक नीति, ITR फाइलिंग की डेडलाइन जैसे महत्वपूर्ण पहलू शामिल हैं।
PAN कार्ड बनवाने के लिए अब आधार जरूरी
सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेज (CBDT) ने स्पष्ट कर दिया है कि 1 जुलाई से नया PAN कार्ड बनवाने के लिए आधार वेरीफिकेशन अनिवार्य होगा। पहले की तरह सिर्फ पहचान पत्र या बर्थ सर्टिफिकेट से काम नहीं चलेगा। इस कदम का उद्देश्य टैक्स सिस्टम में पारदर्शिता लाना और फर्जी पैन कार्ड बनाने पर रोक लगाना है।
ITR फाइलिंग की तारीख बढ़ी, अब राहत
आयकर विभाग ने टैक्सपेयर्स को राहत देते हुए इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई से बढ़ाकर 15 सितंबर 2025 कर दी है। इससे लोगों को सही ढंग से और बिना जल्दबाजी के रिटर्न फाइल करने का समय मिलेगा।
GST रिटर्न फाइलिंग में आए सख्त नियम
1 जुलाई से GSTN ने GSTR-3B फॉर्म में कोई एडिट की अनुमति नहीं देने का फैसला किया है। इसके अलावा तीन साल से पुराने रिटर्न दाखिल करने की अनुमति भी खत्म कर दी गई है। यह नियम GSTR-1, 3B, 4, 5, 6, 7, 8 और 9 सभी फॉर्म्स पर लागू होगा।
बैंकिंग और ATM चार्ज में बढ़ोतरी
Axis Bank, ICICI Bank और HDFC Bank ने ATM और बैंकिंग सेवाओं पर शुल्क बढ़ा दिए हैं। ICICI बैंक में पांच फ्री ट्रांजैक्शन के बाद हर बार ₹23 देना होगा। इंटरनेशनल ट्रांजैक्शन पर ₹125 और 3.5% करेंसी कन्वर्जन चार्ज लागू होगा। IMPS ट्रांजैक्शन और ब्रांच से कैश लेनदेन पर भी अतिरिक्त शुल्क लगेगा।
SBI और HDFC के कार्ड धारकों के लिए नए नियम
SBI कार्ड धारकों के लिए न्यूनतम देय राशि की गणना में EMI, GST और अन्य चार्ज भी शामिल होंगे। साथ ही SBI ने ₹1 करोड़ तक का एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस बंद कर दिया है।
HDFC बैंक ने ऑनलाइन गेमिंग, वॉलेट रिचार्ज और यूटिलिटी बिल पर 10,000 रुपये से ज्यादा के ट्रांजैक्शन पर 1% शुल्क लगाने की घोषणा की है। ऐसे ट्रांजैक्शन पर कोई रिवॉर्ड पॉइंट नहीं मिलेगा।
UPI चार्जबैक में बदलाव
अब बैंक किसी चार्जबैक क्लेम को रिजेक्ट होने के बाद बिना नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की अनुमति के दोबारा प्रोसेस कर सकते हैं। इससे ग्राहकों को तेज और प्रभावी समाधान मिल सकेगा।
LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव की उम्मीद
हर महीने की तरह 1 जुलाई को भी LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव होगा। जून में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत घटी थी, जिससे उम्मीद है कि घरेलू सिलेंडर के दाम में भी राहत मिल सकती है। इसके साथ ही एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में बदलाव हवाई टिकटों की कीमत को प्रभावित कर सकता है।
दिल्ली में पुराने वाहनों पर फ्यूल भरवाने पर लगेगी रोक
केंद्रीय वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली में 10 साल से पुराने डीजल और 15 साल से पुराने पेट्रोल वाहनों को “End of Life Vehicles” घोषित कर दिया है। 1 जुलाई से इन वाहनों को पेट्रोल पंप पर फ्यूल नहीं दिया जाएगा। यह कदम वायु प्रदूषण को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।